डॉक्टर्स एन्क्लेव में नगर निगम की गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद
राप्ती नगर में डॉक्टर्स एन्क्लेव में नगर निगम की गाड़ी खड़ी करने को लेकर रविवार को विवाद हो गया। कॉलोनी के लोगों ने नगर निगम की गाड़ियों को जाने से रोक दिया। विरोध में नगर निगम के ड्राइवरों ने बेतरतीब गाड़ियों को खड़ा कर कॉलोनी के लोगों का रास्ता अवरूद्ध कर दिया। शाम को समझौते के बाद गाड़ियां हटा ली गईं लेकिन तनाव की स्थिति बनी हुई है।
गोरखपुर विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित डॉक्टर्स एन्क्लेव कालोनी में नगर निगम की 32 डिसमिल जमीन है। बीते वर्षों में नगर निगम और जीडीए की संयुक्त टीम ने अवैध कब्जा हटाकर गाड़ियों के लिए स्टोर बना दिया था। निगम की इस जमीन पर जोनल कार्यालय का निर्माण प्रस्तावित है। पर धन के आभाव में निर्माण कार्य नहीं हो पा रहा है। ऐसे में नगर निगम ने अस्थाई रूप से इस जमीन पर स्टोर बना लिया है। जहां निगम की कूड़ा और जेसीबी गाड़ियां खड़ी होती हैं। पिछले कुछ दिनों से नगर निगम की गाड़ियों की आवाजाही का स्थानीय नागरिक विरोध कर रहे थे। नागरिकों ने नगर आयुक्त, कमिश्नर से लेकर मुख्यमंत्री के जनसुवाई पोर्टल पर भी इसे लेकर शिकायत की। सुनवाई होता नहीं देख रविवार की सुबह कालोनी के लोगों ने मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। जिससे गाड़ियों के निकलने में दिक्कत हुई। दिक्कत को लेकर ड्राइवरों ने सूचना निगम के अधिकारियों के साथ स्थानीय पार्षद बृजेश सिंह छोटू को भी दी। शाम को निगम के ड्राइवरों ने सड़क पर बेतरतीब गाड़ियां खड़ी कर दीं। जिससे नागरिकों को गाड़ी लेकर निकलने में दिक्कत हुई। देर शाम निगम के सेक्टर अधिकारी ने सात दिन में व्यवस्था में सुधार का भरोसा दिया। जिसके बाद गाड़ियों की आवाजाही शुरू हो गई। कॉलोनी के डॉ.बीबी गुप्ता और डॉ.अंजुम जैन ने बताया कि आवासीय कालोनी में गाड़ियों की आवाजाही ठीक नहीं है। जीडीए द्वारा विकसित कॉलोनी में निगम की गाड़ियों की नियमित आवाजाही को लेकर लोगों की आपत्ति है। पार्षद बृजेश सिंह छोटू ने बताया कि नगर निगम की जमीन पर गाड़ियां खड़ी होती है। गाड़ियां एक बार निकल जाती हैं तो देर शाम को स्टोर में पहुंचती हैं। ऐसे में किसी को दिक्कत जैसी कोई बात नहीं है। गार्डों के गेट बंद करने से विवाद की स्थिति बनी है।
उप नगर आयुक्त अवनीन्द्र सिंह का कहना है कि डॉक्टर्स एन्क्लेव में नगर निगम की जमीन है। निगम ने वहां बाउंड्री कराई है। सीसी कैमरा लगाया है। वहां निगम की गाड़ियां खड़ी होती है। जिसे लेकर वहां के नागरिकों की शिकायत आई है। शिकायत जायज होगी तो उसपर विचार करेंगे।